चौखुटिया के किसान रहस्यमयी जानवर से परेशान, किसान मंच की पहल पर खेतों में पहुँची कृषि वैज्ञानिकों की टीम
ब्यूरो न्यूज स्वतंत्रत डगंरीया
अल्मोड़ा/चौखुटिया।
चौखुटिया क्षेत्र के किसान, विशेषकर धान की खेती करने वाले, इन दिनों एक रहस्यमयी जानवर से बुरी तरह परेशान हैं। यह जानवर रात को खेतों में उतरता है और सामने आने वाली हर फसल को अपने नुकीले दांतों से काट देता है, जिससे किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान हो रहा है।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए बीते दिनों किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक उपाध्याय ने जिला कृषि अधिकारी को पत्र भेजकर निरीक्षण और समाधान की मांग की थी। किसान मंच की इस पहल पर आज कृषि विभाग के अधिकारी और विभिन्न कृषि वैज्ञानिकों की टीम चौखुटिया के खेतों में पहुँची।
टीम ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा और फसलों के नमूने भी लिए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह चूहे जैसी प्रजाति का जीव है, जो आमतौर पर नदी किनारे रहता है और रात में खेतों में आकर सामने आने वाली हर फसल को काटता चला जाता है।
टीम कल भी क्षेत्र के खेतों में जाएगी और किसानों को समस्या व समाधान को लेकर जानकारी देगी। इस दौरान किसान मंच की ब्लॉक अध्याय गीता कठायत लगातार टीम के साथ खेतों में मौजूद रहीं और किसानों को हौसला देती रहीं।
किसान मंच की स्पष्ट मांगें:
कृषि विभाग व वन विभाग मिलकर तत्काल संयुक्त निरीक्षण शिविर लगाएँ।
प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।
रहस्यमयी जानवर की पहचान व नियंत्रण के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।
किसान मंच का कहना है कि यह केवल फसल की क्षति नहीं, बल्कि पहाड़ी किसान की आजीविका का संकट है। यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं मिला तो यह मुद्दा प्रदेश सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।