कैंची धाम मेला 2026: श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत, मध्यरात्रि तक खुलेंगे व्यापारिक प्रतिष्ठान

नैनीताल, 11 जून।

कैंची धाम स्थापना दिवस मेले, पर्यटन सीजन और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर 11 जून से 16 जून 2026 तक यात्रा मार्गों से जुड़े प्रमुख शहरों और कस्बों में व्यापारिक प्रतिष्ठान मध्यरात्रि तक खुले रह सकेंगे।

पुलिस प्रशासन के अनुसार कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है। नैनीताल, भीमताल, भवाली, रामनगर, हल्द्वानी और काठगोदाम सहित यात्रा मार्ग पर स्थित दुकानों, भोजनालयों तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को देर रात तक संचालन की अनुमति दी गई है।

इस निर्णय का उद्देश्य यात्रियों को भोजन, पेयजल, दवाइयां, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अन्य आवश्यक सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना है, ताकि मेले और पर्यटन सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि मध्यरात्रि तक खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए तथा सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनसुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

नैनीताल पुलिस का कहना है कि कैंची धाम मेला-2026 के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस व्यवस्था से स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जबकि यात्रियों को देर रात तक आवश्यक सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।

You missed

error: Content is protected !!