उत्तराखंड बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, अजेय कुमार को राजस्थान भेजा गया
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार को नई जिम्मेदारी देते हुए राजस्थान भेज दिया गया है। अब उन्हें राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री संगठन नियुक्त किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव Arun Singh द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में बताया गया है कि भाजपा अध्यक्ष Nitin Nabin ने यह निर्णय लिया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
अंकिता प्रकरण के बाद लगातार जनता के निशाने पर रहे अजेय
उत्तराखंड में अपने कार्यकाल के दौरान अजेय कुमार कई राजनीतिक और संगठनात्मक विवादों को लेकर लगातार चर्चाओं में रहे। विशेषकर अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद पहाड़ की जनता और सोशल मीडिया पर उनका नाम लगातार विवादों में घिरा रहा। विपक्षी दलों और आंदोलनकारी संगठनों ने समय-समय पर संगठन की भूमिका और कुछ नेताओं के संरक्षण को लेकर सवाल उठाए थे।
हालांकि पार्टी की ओर से आधिकारिक रूप से कभी सीधे आरोप स्वीकार नहीं किए गए, लेकिन अंकिता प्रकरण के बाद जनता के एक बड़े वर्ग में नाराजगी लगातार दिखाई देती रही। सोशल मीडिया अभियानों, विरोध प्रदर्शनों और राजनीतिक चर्चाओं में अजेय कुमार का नाम बार-बार सामने आता रहा।
चुनाव से पहले भाजपा ने बदला संगठनात्मक समीकरण
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा संगठन किसी भी तरह की नकारात्मक छवि और अंदरूनी असंतोष को कम करने की कोशिश में जुटा है। ऐसे में अजेय कुमार को राजस्थान भेजे जाने को सिर्फ सामान्य संगठनात्मक बदलाव नहीं बल्कि चुनावी रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है।
अब उत्तराखंड भाजपा में नए संगठन महामंत्री की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि आगामी चुनावों से पहले संगठन की कमान किसे सौंपी जाती है।
