गंगा दशहरा पर बड़ा हादसा टला: तेज बहाव में फंसे हरियाणा निवासी को एसडीआरएफ ने बचाया
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जहां हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे, वहीं एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब हरियाणा निवासी एक व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आकर गंगा नदी में बहने लगा। मौके पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए व्यक्ति का सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के झज्जर निवासी लगभग 45 वर्षीय टीनू कुमार पुत्र महावीर सिंह गंगा स्नान के दौरान अचानक तेज बहाव में बह गए। बताया जा रहा है कि व्यक्ति नशे की अवस्था में प्रतीत हो रहा था। बहाव के बीच वह हाथी पुल क्षेत्र में लगी सुरक्षा जंजीर तक पहुंच गया और उसी से लटककर अपनी जान बचाने का प्रयास करने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम तुरंत सक्रिय हुई। टीम ने बिना समय गंवाए बेहद सतर्कता और कुशल रणनीति के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। तेज बहाव और जोखिम भरे हालात के बावजूद जवानों ने व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद एसडीआरएफ कर्मियों ने व्यक्ति को प्राथमिक समझाइश देते हुए भविष्य में नशे की हालत में गंगा में स्नान न करने की सख्त चेतावनी दी। बाद में उसे सुरक्षित रूप से उसके परिजनों एवं साथियों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं और परिजनों ने एसडीआरएफ टीम की त्वरित कार्रवाई और साहस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। गंगा दशहरा जैसे बड़े पर्व पर यह घटना एक बार फिर सावधानी और सुरक्षा नियमों के महत्व को सामने लाती है।
